जौनपुर, 29 अगस्त 2026। यातायात नियमों के अनुपालन और जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से जौनपुर पुलिस ने शनिवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस के साथ जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस ने प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील मार्गों पर सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 831 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस के अनुसार, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी तथा बिना वैध प्रपत्रों के वाहन चलाने वालों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ जनपद में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना रहा
जौनपुर पुलिस की लोगों से अपील
जौनपुर पुलिस ने आम जनमानस से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा वाहन चलाते समय आवश्यक वैध दस्तावेज साथ रखने का आग्रह किया है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के चेकिंग अभियान के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
