ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच हुआ भगवान गणेश का भव्य आगमन
रासमंडल/जौनपुर। श्री हनुमतेश्वर शिवालय गणेश पूजनोत्सव समिति की ओर से आयोजित गणेश पूजनोत्सव के तहत शनिवार की शाम करीब 6:30 बजे भगवान गणेश की प्रतिमा का मंदिर परिसर में भव्य एवं श्रद्धापूर्ण आगमन हुआ। बप्पा के स्वागत के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
भगवान गणेश की प्रतिमा के मंदिर पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने बप्पा का भव्य स्वागत किया। पूरा शिवालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।
इस धार्मिक आयोजन की गरिमा बढ़ाने में समिति के संरक्षक एवं वरिष्ठ सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। श्री महंत प्रथमेश शुक्ला, केतन अस्थाना, अरुण रावत, प्रदीप कुमार अस्थाना और अनिल अस्थाना की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। श्रद्धालुओं ने भी इन वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष मनीष गांधी शीतल की देखरेख में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। समिति के उपाध्यक्ष अंश कनौजिया, महामंत्री आशुतोष मिश्रा और कोषाध्यक्ष अमन रावत सहित कार्यकारिणी के सदस्य भी मौजूद रहे।
गणेश पूजन के जजमान अनीष कुमार एवं शशिकला हैं। समिति की ओर से धर्मप्रेमी बंधुओं एवं बच्चों से गणेश पूजनोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई।
बप्पा के आगमन के साथ ही श्री हनुमतेश्वर शिवालय परिसर में गणेशोत्सव की भक्ति और उल्लास की शुरुआत हो गई। श्रद्धा, सेवा और सामूहिक सहभागिता के इस पर्व में आने वाले दिनों में भी विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।